लखनऊ। विकासनगर के सेंट फेडलिस स्कूल के बाहर छात्रा से छेड़छाड़ हुई। इसका विरोध करने पर दो गुटों में मारपीट हुई। छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने छेड़छाड़ व अन्य धाराओं में छह नामजद व 10 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा किया है। उधर, दूसरे गुट ने भी मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया है।
छात्रा के पिता के मुताबिक उनकी बेटी अपने दोस्त के साथ स्कूटी से जा रही थी। इसी दौरान स्कूल के बाहर कुछ छात्रों ने रोककर उनकी बेटी से छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों की पिटाई कर दी। छात्रा ने अपने रिश्तेदारों को कॉल कर वारदात की जानकारी दी। रिश्तेदार मौके पर पहुंचे तो दबंग छात्रों ने उन पर भी हमला बोल दिया। दोनाें गुटों में इसे लेकर जमकर मारपीट हुई।
घर पर शिकायत करने की बात पर भड़के
पीड़िता के मुताबिक जब उसके दोस्त ने आरोपी छात्रों के घर पर कॉल कर शिकायत करने की धमकी दी तो आरोपी नाराज हो गए। इसके बाद छात्रा के दोस्त की पिटाई कर दी। वहीं दूसरे गुट के छात्रों का आरोप है कि छात्रा के दोस्त ने उनके घर कॉल कर परिवारीजनों से अभद्रता की। इसकी जानकारी होने पर छात्र ने छात्रा के साथ जा रहे युवक को पूछताछ के लिए रोका था। इस पर छात्रा ने अन्य लोगाें को बुलाकर उनकी पिटाई करवा दी। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार के मुताबिक सभी आरोपी नाबालिग हैं, मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।