लखनऊ। बड़ी उम्र में निमोनिया और अन्य संक्रमण का खतरा ज्यादा रहता है। इसलिए 50 साल के बाद हर वयस्क को निमोनिया का टीका लगवाना चाहिए। सांस संबंधी बीमारियों पर एक होटल में हुई सीएमई में विशेषज्ञों ने यह जानकारी दी।
डॉ. एसएन गुप्ता ने बताया कि निमोनिया से बचाव के लिए टीका तो है, लेकिन जागरूकता बिल्कुल नहीं है। यह टीका करीब साढ़े तीन हजार रुपये में उपलब्ध है। इसकी दो डोज लेनी होती है। दोनों के बीच एक साल का अंतर रखना होता है। केजीएमयू रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के प्रमुख प्रो. सूर्यकांत ने बताया कि वयस्कों के लिए इन्फ्लूएंजा का टीका भी मौजूद है। यह टीका हर साल लगवाना होता है। एम्स दिल्ली के डॉ. रमनदीप गुलेरिया ने कहा कि प्रदूषण बढ़ने से सांस संबंधी बीमारियां बढ़ रही हैं। इस मौके पर कैंसर संस्थान के निदेशक प्रो. एमएलबी भट्ट और विधायक डॉ. नीरज बोरा भी मौजूद रहे।