यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन सोमवार से राजधानी के चार केद्रों पर शुरू होगा। माध्यमिक शिक्षक संघ ने कोरोना वायरस से खतरे की बात कहते हुए मूल्यांकन कार्य के बहिष्कार की घोषणा की थी।
इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने रविवार को चारों केंद्रों पर सेनेटाइजेशन का काम किया। इसको देखते हुए शिक्षक संघ ने सोमवार को सभी मूल्यांकन केंद्रों का निरीक्षण करने तथा उसके बाद बहिष्कार पर फैसला करने की बात कही है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. मुकेश सिंह ने कहा कि उन्होंने सभी केंद्रों का निरीक्षण किया है। शिक्षकों को कम से कम एक मीटर दूर बैठकर मूल्यांकन करना है। परीक्षा केंद्र पर सेनेटाइजेशन के साथ ही वहां पर एंबुलेंस भी खड़ी रहेगी।
नगर निगम की ओर से मूल्यांकन केंद्रों पर शाम को फॉगिंग की व्यवस्था भी की जाएगी। राजकीय जुबली इंटर कॉलेज केंद्र पर एक लाख 60 हजार कॉपियां जांचने के लिए 69 डीएचई और 691 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।