पिछले साल गोकशी की आशंका में बुलंदशहर में हुई हिंसा की घटना में शामिल 44 आरोपियों पर राजद्रोह का मुकदमा चलेगा। स्थानीय पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर गृह विभाग ने सभी आरोपियों पर राजद्रोह की धारा में मुकदमा दर्ज करने की मंजूरी दे दी है। प्रमुख सचिव गृह अरविंद कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि बुलंदशहर पुलिस की रिपोर्ट को देखते हुए सरकार ने यह मंजूरी दी है।
बता दें कि 3 दिसंबर-2018 को बुलंदशहर के स्याना में गोकशी की सूचना मिलने पर भीड़ उग्र हो गई थी। लोग गोवंश के अवशेष लेकर चिंगरावठी पुलिस चौकी पर पहुंच गए थे और जमकर पथराव भी किया था। भीड़ इतनी उग्र हो गई थी कि वहां पर पथराव के साथ ही आगजनी भी कर दी गई थी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इंसपेक्टर सुबोध सिंह ने जब मोर्चा संभाला तो उग्र भीड़ के बीच से ही कुछ लोगों ने इंसपेक्टर को गोली से मार दी थी, जिससे उनकी मौत हो गई थी। इसके अलावा भीड़ में शामिल एक सुमित नाम के एक युवक की भी गोली लगने से मौत हो गई थी।