सहारनपुर में हुए खनन घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी जल्द मुकदमा दर्ज करने की तैयारी में है। ईडी खनन की अवधि में वहां तैनात रहे डीएम अजय कुमार सिंह व पवन कुमार सिंह की संपत्ति की जांच में जुटा है।
ईडी ने इस मामले की जांच शुरू करने से पहले सीबीआई की ओर से 30 सितंबर को दर्ज एफआईआर प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दायरे में आए इन दोनों आईएएस अफसरों के कई करीबियों के बारे में भी पड़ताल की जा रही है।
इन सभी की चल-अचल संपत्ति का ब्योरा जुटाया जा रहा है। पिछले दिनों दोनों अफसरों के खिलाफ सीबीआई ने मुकदमा दर्ज कर उनके यहां छापे मार कर चुकी है। छापे में अजय कुमार सिंह के यहां से 15 लाख रुपये नकद व संपत्तियों के दस्तावेज बरामद किए थे। हालांकि पवन कुमार सिंह के यहां से ऐसी कोई बरामदगी नहीं हुई थी।
सहारनपुर में यह घोटाला 2012 से 2015 के दौरान हुआ था। जांच में सामने आया है कि आला अफसरों ने ई टेंडर प्रक्रिया का पालन नहीं किया और नियमों की अनदेखी कर 13 खनन पट्टों का नवीनीकरण कर दिया था। सीबीआई इससे पहले हमीरपुर, फतेहपुर, कौशांबी व देवरिया के मामलों में भी एफआईआर दर्ज कर चुकी है।