बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस का निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने दोनों एक्सप्रेस-वे के लिए तकनीकी निविदाएं खोल दी है। आगामी दिनों में वित्तीय निविदा खोलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
यूपीडा की 50वीं बोर्ड बैठक में सोमवार को निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित एक्सप्रेस-वे के कार्र्यों की समीक्षा में सीईओ अवनीश अवस्थी ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निर्माण की प्रगति पर संतोष जाहिर किया। अवनीश अवस्थी के ढाई वर्ष के कार्यकाल में यूपीडा की इस 20वीं बोर्ड बैठक में अधिकारियों ने बताया कि 2020 में एक्सप्रेस-वे पर यातायात शुरू हो जाएगी।
गंगा एक्सप्रेस-वे, बलिया लिंक एक्सप्रेस-वे, डिफेंस कॉरिडोर, सेमी हाईस्पीड रेल कॉरिडोर और एक्सप्रेस-वे पर इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन शुरू करने की समीक्षा की गई। डिफेंस कॉरिडोर के लिए लैंड बैंक तैयार किया गया है।
बैठक में पूर्वांचल एवं बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के लिए बैंकों से ऋण लेने, बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के अथॉरिटी इंजीनियर के चयन, प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसलटेंट एवं एक्सटर्नल टेक्निकल ऑडिटर के चयन का प्रस्ताव पारित किया गया। डिफेंस कॉरिडोर के झांसी नोड में प्रस्तावित भूमि पर कंटीले तारों की फेंसिंग का भी प्रस्ताव पारित किया गया।