खीरों (रायबरेली)। कस्बा के मुख्य चौराहा व अतरहर रोड किनारे अतिक्रमण होने से जाम की समस्या से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। स्थानीय पुलिस भी अतिक्रमण हटवाने में नाकाम साबित हो रही है। सोमवार को दिनभर रुक-रुक कर जाम लगा। इससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। जाम लगने के बाद पुलिस ने कई दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी।
खीराें चौराहे से प्रतिदिन आठ हजार स्कूली बच्चे, राहगीरों, छोटे और बड़े वाहन निकलते हैं। सड़क के किनारे दुकानदारों ने अतिक्रमण कर लिया है। दुकानों में आने वाले ग्राहक अपने वाहन सड़क पर खड़ा कर देते हैं। इससे वाहनों को निकालने में दिक्कत होती है। दोपहर से लेकर शाम तक कई बार जाम लगा।
जाम खुलवाने में पुलिस कर्मियों को मशक्कत करनी पड़ी। उमेशचंद्र, राम मोहन, अनिल कुमार, रामबाबू, जितेंद्र कुमार ने अतिक्रमण हटवाने की मांग की। प्रभारी निरीक्षक बालेंदु गौतम ने बताया कि अतिक्रमण हटवाने के लिए उप जिलाधिकारी लालगंज को पत्र भेजा जाएगा।
व्यापारी बोले, जाम से चौपट हो रहा कारोबार
रायबरेली। जगतपुर कस्बे में निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे और बाईपास के लिए मिट्टी की ढुलाई करने वाले डंपरों से अक्सर जाम लगता है। यह डंपर मिट्टी लेकर कस्बे से होकर निकलते हैं। इससे रायबरेली-प्रयागराज हाईवे और सलोन जगतपुर मार्ग के वाहनों की रफ्तार थम जाती है। यह समस्या आए दिन की है।
सोमवार को भी वाहनों की लांबी लाइन लगी रही। मरीजों को लेकर सीएचसी जा रही एंबुलेंस भी एक घंटे जाम में फंसी रही। व्यापारियों का कहना है कि जाम से ग्राहक दुकानों पर नहीं आते है। दिनेश चौधरी, नीरज तिवारी, अंशुल, राकेश, विनोद, सूरज, अनिल का कहना है कि एक साथ डंपर निकलते हैं। उनसे उड़ने वाली मिट्टी से कारोबार चौपट हो रहा है। कार्यवाहक थाना प्रभारी मृत्युंजय बहादुर ने बताया कि जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए दो सिपाहियों की ड्यूटी चौराहे पर लगाई गई है।