लखनऊ। इंदिरानगर की भूतनाथ मार्केट में फुटपाथ पर अतिक्रमण ने पक्की दुकानों के कारोबार की कमर तोड़ दी है। करीब 500 पक्की दुकानों वाली इस मार्केट में हर रोज लगभग पांच करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों का कहना है कि फुटपाथ पर सजी अवैध दुकानों में ग्राहक उलझकर रह जाता है और शोरूम व पक्की दुकानों तक पहुंच ही नहीं पाता।
भूतनाथ आदर्श व्यापार मंडल के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल और महामंत्री अमिताभ श्रीवास्तव के अनुसार, मार्केट में 100 छोटी, 200 मध्यम और करीब 40 दुकानें सराफा की हैं। कपड़ा, रेडीमेड, पूजा-पाठ समेत इन दुकानों से प्रतिदिन करीब दो करोड़ रुपये का कारोबार होता है, जबकि 35-40 सराफा दुकानों से 2.5 करोड़ रुपये रोजाना की बिक्री होती है। वहीं, 100 छोटी दुकानों से लगभग 1 करोड़ रुपये का कारोबार होता है। कुल मिलाकर रोजाना पांच करोड़ रुपये से अधिक का व्यापार प्रभावित हो रहा है।
व्यापारियों का आरोप है कि फुटपाथ पर हर समय मौसमी जरूरतों की अवैध दुकानें सजी रहती हैं, जिससे ग्राहक पक्की दुकानों तक पहुंच ही नहीं पाता। हालात ऐसे हैं कि कई बार बड़े व्यापारियों की बोहनी तक नहीं हो पाती। अतिक्रमण हटाने के लिए कई बार अभियान चलाया गया, लेकिन नतीजा सिफर रहा। एक सप्ताह पहले नगर निगम और पुलिस ने भी अतिक्रमण हटाया था, लेकिन कुछ ही घंटों में अवैध दुकानें दोबारा गुलजार हो गईं।
भाजपा पार्षद-भूमाफिया गठजोड़ का आरोप
व्यापारियों ने आरोप लगाया है कि भाजपा पार्षद और दबंग भूमाफिया के गठजोड़ से अवैध दुकानें लगवाई जा रही हैं। इसके बदले फुटपाथ दुकानदारों से हजारों रुपये की वसूली की जाती है। विरोध करने पर मारपीट तक की जाती है। दबंगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि नगर निगम के अफसरों और बीच-बचाव करने वाले व्यापारियों से भी मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं।
Iशिकायत के बाद पुलिस और नगर निगम की टीम सिर्फ खानापूर्ति के लिए राउंड करती है। उनके जाते ही दबंगों की मदद से अवैध दुकानें फिर से लग जाती हैं। पुलिस की मिलीभगत से अतिक्रमणकारियों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं।I
I
- मनोज अग्रवाल, अध्यक्ष, भूतनाथ आदर्श व्यापार मंडलI
Iमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर संयुक्त पुलिस आयुक्त, डीसीपी पूर्वी, नगर निगम और वाणिज्य बंधु की बैठक तक में प्रार्थनापत्र दिए गए, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। हैरानी की बात यह है कि चौकी के पास तक लगी अवैध दुकानों पर भी कोई नियंत्रण नहीं है।I
I- अमिताभ श्रीवास्तव, महामंत्री, भूतनाथ आदर्श व्यापार मंडलI
Iएक सप्ताह पहले भी अतिक्रमण हटाया गया था, लेकिन कुछ ही घंटों में हालात फिर वही हो गए। ऐसा कई बार हो चुका है, मगर पुलिसिया कार्रवाई शून्य होने के कारण अवैध अतिक्रमण पर कोई लगाम नहीं लग पा रही है।I
I- कमल अग्रवाल, व्यापारीI
भूतनाथ मार्केट में अतिक्रमण कर खुलीं दुकानें।