लखनऊ। बंद घरों की दिन में रेकी कर रात में चोरी करने वाले चोरों के एक गिरोह से बृहस्पतिवार देररात गाजीपुर पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पैर में गोली लगने से गिरोह का सरगना घायल हो गया। पुलिस ने एक महिला सहित सात को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए चोरों ने गाजीपुर इलाके में छह घरों में चोरी की बात कबूली है।
डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात गाजीपुर पुलिस को सूचना मिली कि चोरों का गिरोह कुकरैल बंधे के पास स्थित एक मजार के पास माल बंटवारे के लिए एकत्र हुआ है। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो एक चोर ने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायर किया तो उक्त चोर के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने मौके से सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घायल चोर को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि घायल चोर पीजीआई के तेलीबाग का निवासी हिमांशु उर्फ संजू बाबा है। वह गैंग का लीडर है। अन्य आरोपियों की पहचान इंदिरानगर निवासी आकाश यादव, रिंकू कनौजिया, गाजीपुर निवासी रोहन कश्यप, हुसैनगंज के विकास जायसवाल, आलमबाग के रोहित थारू उर्फ छंगा, इंदिरानगर के विकास यादव और हजरतगंज निवासी मानसी शर्मा के रूप में हुई। रिंकू मूलरूप से सीतापुर के संदना, रोहन बाराबंकी के सफदरगंज व विकास यादव बस्ती के कलवारी सुकुलपुरा का रहने वाला है। डीसीपी ने पुलिस टीम को 20 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
यह सामान चोरों के पास से मिला
एसीपी गाजीपुर ए. विक्रम सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के पास से भारी मात्रा में जेवरात, 2.60 लाख रुपये, दो स्कूटी, एक सब्बल, एक पेचकस, एक 315 बोर का तमंचा, एक कारतूस और एक खोखा मिला है। आरोपियों ने गत 20 जनवरी को अजय अग्रवाल, छह जून को चंद्रशेखर चौधरी, 13 जून को फुलगेन राम, 14 जून को मनोज कुमार सिंह, 17 जून को सुधीर कुमार द्विवेदी और 19 जून को हरवंश सिंह के घर चोरी करने की बात कबूली है।
मानसी करती थी बंद घरों की रेकी, साथी करते थे चोरी
डीसीपी ने बताया कि गैंग लीडर हिमांशु के खिलाफ पहले से शहर के अलग-अलग थानों में चोरी के 11 केस, आकाश के खिलाफ पांच, रिंकू के खिलाफ तीन, जबकि रोहन, विकास, रोहित व विकास यादव के खिलाफ एक-एक केस दर्ज है। गैंग की महिला सदस्य मानसी दिन में ताला लगे घरों की रेकी करती थी और साथियों को जानकारी देती थी। गैंग के लोग रात में मौका देखकर वारदात को अंजाम देते थे।