रोजगार मेला आज, आईटीआई में नहीं होगी पढ़ाई
लखनऊ। अलीगंज स्थित राजकीय प्रौद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में सोमवार को प्रस्तावित मेगा रोजगार मेले की तैयारियां लगभग पूरी हो गई है। रोजगार मेले की वजह से आईटीआई में पढ़ाई नहीं होगी। यहां के क्लासरूम में प्रतिभागी कंपनियों के लिए अलग-अलग बूथ बनाए जाएंगे।
आईटीआई के प्रधानाचार्य राजकुमार यादव ने बताया कि रोजगार मेले में टाटा मोटर्स, हीरो, होंडा, मारुति सुजुकी जैसी प्रमुख कंपनियां शामिल होंगी। इनमें कंपनियों में करीब 3000 सीटों पर युवाओं का चयन किया जाना है। कंपनियों की ओर से 28 साल से अधिक उम्र के युवाओं का चयन नहीं किया जाएगा। हालांकि, यहां चार हजार के करीब अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। इसकी वजह से आईटीआई की होनी वाली कक्षाएं एक दिन के लिए स्थगित कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि आईटीआई परिसर में सुबह 10 बजे से रोजगार मेले की शुरुआत होगी। इससे पहले सुबह आठ बजे से अभ्यर्थियों को प्रवेश देने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। जगह-जगह पर सहायता बूथ भी बनाए जाएंगे। प्लेसमेंट अधिकारी एमए खान ने बताया कि लखनऊ के अलावा, हरियाणा, गुजरात, दिल्ली नोएडा, मेरठ व अन्य शहरों की कंपनियां शामिल हो रही हैं। साक्षात्कार के आधार पर चयनितों को 25 हजार रुपये महीने तक वेतन दिया जाएगा।