लखनऊ। आईटीआई व डिप्लोमा धारक विद्यार्थियों को रोजगार पाने का सुनहरा मौका है। चारबाग राजकीय प्रौद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर में बृहस्पतिवार को रोजगार मेला लगने जा रहा है। यहां छह कंपनियों में करीब एक हजार पदों पर भर्ती होगी। चयन होने पर 18000 महीने तक का स्टाइपेंड मिलेगा।
आईटीआई के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार चौहान ने बताया कि रोजगार मेले में राजस्थान की फीम इंडस्ट्रीज, नोएडा की डिक्सन, हरियाणा की सोना कॉमस्टार, राजस्थान की हैवेल्स, हरियाणा की भाटिया अलाय और मथुरा की पेप्सीको कंपनी शामिल होगी।
यहां इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा और बीटेक की शैक्षिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। चयन साक्षात्कार और दस्तावेज की जांच के आधार होगा। रोजगार मेले में सत्र 2025 में पास व फ्रेशर अभ्यर्थी भी हिस्सा ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि ट्रेनी और अप्रेंटिसशिप के पदों पर होने वाली भर्ती प्रक्रिया में चयन होने पर कंपनी की ओर से 12 से 18 हजार रुपये महीने तक स्टाइपेंड दिया जाएगा।
साथ में दोपहर का खाना, मेडिकल सुविधा भी दी जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल पर आवेदन कर बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे से रोजगार मेले में शामिल हो सकते हैं।