लखनऊ। राजधानी में सोमवार अमौसी, लखनऊ मध्य, जानकीपुरम, गोमतीनगर जोन के कार्यालय व उपकेंद्रों पर बिजली शिविर का लगाकर समस्याएं सुनी गईं। इस सुनवाई में इंटेली स्मार्ट मीटर कंपनी की बड़ी लापरवाही उजागर हुई। किला मोहम्मदी निवासी रेखा शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को नए कनेक्शन का सर्विस केबल खींचकर कर्मी चले गए थे, मगर मीटर लगाने के लिए चार दिन से राह देख रहे हैं। अधिकारी ने तत्काल मीटर लगाकर कनेक्शन चालू करने के निर्देश दिए। देर शाम महिला की समस्या का समाधान भी हो गया।
चंदरनगर पावर हाउस में आजादनगर निवासी अखिलेश कुमार ने बिजली बिल ज्यादा आने की शिकायत दर्ज कराई। अवर अभियंता बहादुर राय ने उपभोक्ता को बताया कि कनेक्शन पहले प्रीपेड था, जिसके दौरान जमा सुरक्षा धनराशि वापस कर दी गई थी। अब कनेक्शन पोस्टपेड होने के कारण बिल में सुरक्षा धनराशि जुड़ने से राशि अधिक दिखाई दे रही है।
नटखेड़ा रोड निवासी प्रदीप कुमार ने दो दिन से बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायत की। लाइनमैन को मौके पर भेजकर समस्या का समाधान कराया गया। यहीं पर मनीष अरोड़ा, संतोष तिवारी, उपकार सिंह ने नटखेडा रोड पर अंडरग्राउंड केबल में फॉल्ट की समस्या दर्ज कराई। शिविरों में सोलर का नेट मीटर से कनेक्शन करने, सोलर यूनिट के समायोजन, गलत बिल, खराब मीटर और ज्यादा लोड को कम कराने की शिकायतें आई।
यहां इतनी शिकायतें आईं
जोन शिकायतें समाधान
गोमतीनगर 65 27
अमौसी 45 36
लखनऊ मध्य 33 18
जानकीपुरम 10 7
नादरगंज में पीड़ितों ने जताई नाराजगी
नादरगंज पावर हाउस परिसर में सोमवार को विशेष शिविर में उपभोक्ताओं ने विद्युत लोड बढ़ाने, जले मीटर, ज्यादा बिल को लेकर नाराजगी जताई। अमौसी के अमित सिंह ने कहा कि लोड पहले चार किलोवाट था, जिसे बिना बताए पांच किलोवाट कर दिया गया। इसके बावजूद उन्हें तीन फेस की विद्युत सप्लाई नहीं मिल रही है। बदाली खेड़ा के पंकज अवस्थी ने मीटर की प्लेट जलने, तिवारी लाल ने मीटर जलने, मनोरमा ने सोलर की 413 यूनिट के समायोजन की मांग उठाई।
फाॅल्ट से दो लाख आबादी की बत्ती गुल
33 केवी भूमिगत केबल में फाॅल्ट आने से मलिहाबाद कस्बा सहित 52 गांवों की बिजली सोमवार 12 बजे ठप हो गई। शाम छह बजे रहीमाबाद के निकट भूमिगत केबल में फॉल्ट मिला। नजरनगर, बिराहिमपुर, बदौरा, फूलचंद खेड़ा, माधवपुर, मोहद्दीपुर, कुंडरा कला, गढ़ी संजर खां, कुंडरा खुर्द, भुलभुला खेड़ा, चांदपुर आदि गांवों की दो लाख आबादी ने देर रात तक बिजली संकट झेला। उधर, रहीमाबाद उपकेंद्र के ससपन फीडर की ट्राॅली जल जाने से 150 गांवों के एक लाख आबादी की बिजली ढाई घंटे गुल रही।
शिविर में पहुंचे उपभोक्ता।
शिविर में पहुंचे उपभोक्ता।
शिविर में पहुंचे उपभोक्ता।
शिविर में पहुंचे उपभोक्ता।