पीएचडी हाउस में हुए कार्यक्रम में वित्तीय साक्षरता सत्र में मौजूद िवशेषज्ञ। स्रोत ः आयोजक
लखनऊ। पीएचडी चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से मंगलवार को गोमतीनगर स्थित पीएचडी हाउस में उद्योग सदस्यों की बैठक व वित्तीय साक्षरता पर विशेष सत्र का आयोजन हुआ। इसका मकसद प्रदेश के उद्यमियों व उद्योग प्रतिनिधियों को आपसी संवाद, सहयोग व जानकारियां साझा करने के साथ-साथ वित्तीय जागरूकता के जरिये सशक्त बनाना रहा।
कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर संस्था के सह अध्यक्ष राजेश निगम ने कहा कि पीएचडीसीसीआई सरकार और उद्योगों के बीच एक पुल का काम करता रहा है। प्रदेश को निवेश के लिए सक्षम और आकर्षक बनाने के लिए समग्र आर्थिक विकास में तेजी लाने का प्रयास है। हमारी प्रतिबद्धता है कि उत्तर प्रदेश को एक वित्तीय रूप से साक्षर, निवेश के लिए तैयार और समर्थ औद्योगिक राज्य के रूप में आगे बढ़ाया जाए।
इसके बाद वित्तीय साक्षरता सत्र में मुख्य वक्ता व नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की लखनऊ प्रभारी सीएस श्रुति शर्मा ने तेजी से बदलते आर्थिक परिवेश में वित्तीय समझ व योजना बनाने पर जोर दिया। निवेश, बचत, कर नियोजन समेत एमएसएमई के लिए उभरते विकल्पों पर गहरी जानकारी दी। क्षेत्रीय निदेशक अतुल श्रीवास्तव ने सभी प्रतिभागियों का आभार जताया। वरिष्ठ सदस्य एलके झुनझुनवाला, यावर अली शाह, केएम भार्गव, डॉ. नरेंद्र मौजूद रहे।