प्रेसवार्ता में जानकारी देते संस्थान के अध्यक्ष विनोद मिश्रा व गायक मिथिलेश लखनवी। -आयोजक
लखनऊ। अवधी विकास संस्थान की ओर से उत्तर प्रदेश राज्य फिल्म विकास परिषद के पूर्व अध्यक्ष पद्मश्री स्व. राजू श्रीवास्तव की स्मृति में 26 दिसंबर को राय उमानाथ बली प्रेक्षागृह में ‘एक शाम राजू श्रीवास्तव के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अवधी विकास संस्थान के अध्यक्ष विनोद मिश्रा ने बताया कि आयोजन में अलग-अलग क्षेत्रों की विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।
परिवर्तन चौक के पास स्थित एक रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेसवार्ता में विनोद मिश्रा ने बताया कि 25 दिसंबर को स्व. राजू श्रीवास्तव की जयंती है। इसी उपलक्ष्य में बली प्रेक्षागृह में 26 दिसंबर को शाम 6:30 बजे से आयोजन किया जाएगा। राजू श्रीवास्तव आमजन की आवाज, आम आदमी की पीड़ा और समाज की विसंगतियों को हास्य के माध्यम से मंच पर प्रस्तुत करने वाले एक सच्चे कलाकार थे। इस अवसर पर विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कलाकारों, साहित्यकारों और संस्कृतिकर्मियों को ‘राजू श्रीवास्तव स्मृति सम्मान–2025’ से सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन में मुख्य अतिथि होेंगे एमएलसी पवन सिंह चौहान और विशिष्ट अतिथि के रूप में आईएएस डॉ. हरिओम, राज्यमंत्री नटवर गोयल मौजूद रहेंगे। सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध गायक मिथिलेश लखनवी और लोकगायिका डॉ. कुसुम वर्मा प्रस्तुति देंगी। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए संस्थान की संरक्षिका शिवा राजू श्रीवास्तव ने कहा कि राजू श्रीवास्तव का जीवन कलाकारों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अवधी विकास संस्थान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से कलाकारों को सम्मान और समाज को दिशा मिलती है।