विमान की सुरक्षित लैंडिंग हो गई है।
- फोटो : amar ujala
जयपुर से एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान से अयोध्या के लिए उड़ान भरने वाले सभी 139 यात्री जब तक हवा में रहे तो बम से बेखबर रहे। यहां तक की क्रू मेंबर को भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। ऐसे में पायलट ने डेढ़ घंटे के सफर में हिम्मत और धैर्य दोनों का बखूबी परिचय दिया। एयरपोर्ट पर उतरने के बाद यात्रियों को जब इस बारे में पता चला तो खौफजदा हो गए।
विमान के जयपुर से अयोध्या के लिए उड़ान भरने के बाद एयरलाइंस की ओर से एयरपोर्ट अथॉरिटी को बम होने की सूचना से अवगत कराया गया। यह जानकारी जयपुर और अयोध्या एयरपोर्ट के अफसरों के साथ पायलट को भी थी। इसके बावजूद करीब डेढ़ घंटे के सफर में पायलट ने पूरी हिम्मत के साथ अपने दायित्व का बखूबी निर्वहन किया। इस बीच अयोध्या एयरपोर्ट पर इमरजेंसी सुरक्षा जांच की सभी तैयारियां कर ली गईं। बीडीएस अपने जांच उपकरणों के साथ मुस्तैद हो गई। सीआईएसएफ हाई अलर्ट मोड में आ गई।
एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार ने अमर उजाला को बताया कि बम की पूर्व सूचना मिल जाने के बाद विमान को सुरक्षित उतरवाकर आइसोलेशन वे में ले जाया गया। सभी यात्रियों को पहले नीचे उतारा गया। पहले यात्रियों की जांच हुई। इसके बाद सामान और विमान की सुरक्षा गाइडलाइन के अनुसार जांच की गई। उन्होंने बताया बम होने के बारे में जानकारी होने के बावजूद यह इमरजेंसी नहीं बल्कि शेडयूल लैंडिंग थी। जांच प्रक्रिया के पूरा होने में थोड़ा समय जरूर लगा लेकिन यह आवश्यक था।
जिला अस्पताल को किया अलर्ट, मेडिकल टीम रही मुस्तैद
जयपुर से अयोध्या आ रहे विमान में बम होने की सूचना के बाद यहां जिला अस्पताल को अलर्ट कर दिया गया। आकस्मिक इंतजामों के तहत बेड आरक्षित कर दिए गए। इस बीच जानकारी मिलते ही सीएमओ डॉ. संजय जैन मेडिकल टीम के साथ एयरपोर्ट पहुंच गए। सीएमओ ने बताया कि किसी भी आकस्मिक स्थिति की आशंका के चलते सभी तैयारियां की गई थीं। जांच प्रक्रिया पूरी होने तक वे एयरपोर्ट पर डटे रहे।
एसएसपी के साथ एटीएस के अफसरों व जवानों ने संभाला मोर्चा
जयपुर से विमान के अयोध्या पहुंचने के बाद एसएसपी राजकरण नय्यर और एसपी सिटी मधुबन सिंह अन्य अफसरों के साथ एयरपोर्ट पहुंच गए। दोनों अधिकारी आइसोलेशन जोन में एयरपोर्ट अथॉरिटी और सीआईएसएफ के साथ बीडीएस की जांच के दौरान डटे रहे। इस बीच एटीएस के अफसर भी एयरपोर्ट पहुंच गए। पहले अफसरों की एक टीम भीतर चली गई। इसके बाद पहुंची जवानों की टुकड़ी ने बाहर मोर्चा संभाल लिया।
बीटीएसी टीम ने उड़ान को दी मंजूरी, सभी ऑपरेशन सामान्य
अयोध्या एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार ने देर शाम बताया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस अयोध्या के स्टेशन प्रबंधक को ट्विटर हैंडल (@SCHIZOBOMBER777) के माध्यम से दोपहर 1.41 बजे जयपुर से अयोध्या की उड़ान एएक्सबी-765 के लिए बम की धमकी वाली कॉल प्राप्त हुई।