लखनऊ। राजधानी में शनिवार को कैसरबाग सहित कई इलाकों में बिजली संकट रहा। यह बिजली संकट दोपहर तीन बजे निशात सिनेमा के पास 11 केवी केबल में आए फॉल्ट के कारण हुआ, जिससे करीब डेढ़ घंटे तक बीएन रोड, ऑफिसर्स कॉलोनी, कैसरबाग चौराहे के उपभोक्ता परेशान रहे।
कानपुर रोड खंड के एलडीए कॉलोनी के गोल मार्केट की करीब एक घंटे तक तकनीकी खामी के कारण बिजली आपूर्ति बाधित रही। इसके कारण व्यापारियों को दोपहर में परेशानी हुई। शाम को आलमबाग के रेलनगर फीडर में आए फाॅल्ट के कारण करीब दो घंटे तक उपभोक्ताओ को बिजली नहीं मिली। इससे आदर्शनगर, चंदरनगर का भी एरिया बिजली संकट के दायरे में आ गया। जानकीपुरम विस्तार में डीपीएस फीडर दोपहर ठप हो गया। इसके कारण विस्तार का बड़ा हिस्सा बिजली विहीन रहा, जिससे लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ा। न्यू यूनिवर्सिटी कैम्पस उपकेंद्र का एक 10 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर अचानक बंद हो गया। निरीक्षण में पता चला कि उसका एक उपकरण हॉट हो गया था। बिजली को बंद कर इसे सही किया गया, जिससे करीब 20 मिनट 6000 से ज्यादा उपभोक्ताओं को बिजली संकट का सामना करना पड़ा।
उधर, मोहनलालगंज के तहत गोसाईंगंज, अमेठी, समेसी, पूरनपुर, निगोहा, मोहनलालगंज बिजली बिल के 200 बकायेदारों के शनिवार को मीटर व केबल को उखाड़ लिया गया है। एक्सईएन एसके सिंह ने बताया कि बकायेदार यह बिजली ऑनलाइन, उपकेंद्र के बिलिंग केंद्र व सीएससी काउंटर पर जमा कर सकते हैं।