लखनऊ। बारिश के चलते उतरेटिया उपकेंद्र के हरकंशगढ़ी और बनी उपकेंद्र के बंथरा सहित बड़े हिस्से में बिजली ठप हो गई, जो देर रात तक चालू नहीं हो सकी। हरकंशगढ़ी में दोपहर एक बजे से बिजली गुल होने के विरोध में लोगों ने उपकेंद्र पर हंगामा किया।
उपभोक्ताओं का आरोप था कि उपकेंद्र से लेकर जेई-एसडीओ तक को फोन करने पर वह जवाब नहीं दे रहे हैं। अरुण चतुर्वेदी और आयुष्मान के मुताबिक, उपभोक्ता दोपहर से रात आठ बजे तक कॉल करते रहे, लेकिन कोई यह बताने वाला नहीं कि बिजली कब आएगी। इसके विरोध में उपभोक्ताओं ने उतरेटिया उपकेंद्र पहुंचकर हंगामा भी किया। उधर, एक्सईएन अविनाश कुमार ने कहा कि फॉल्ट के कारण बिजली ठप है, जिसे सही किया जा रहा है।
इसी प्रकार बंथरा, मोहान रोड, काकोरी, मोहनलालगंज, गोसाईंगंज और निगोहां कस्बे से लेकर गांव तक बिजली संकट रहा। तेज हवा और वर्षा से माल उपकेंद्र के 11 केवी माल, नारायणपुर, मांझी, अटारी, नवीपनाह, शंकरपुर, गहदो ठप हुए। यह बिजली कई जगहों पर पेड़ गिरने और पोल टूटने बाधित हुई।
गोमतीनगर, मल्हौर में भी संकट
बारिश के दौरान दोपहर में गोमतीनगर विस्तार सेक्टर एक उपकेंद्र के पटेलपुरम, कमता उपकेंद्र के मल्हौर, चिनहट सहित आसपास एक घंटे तक बिजली गुल रही। पीजीआई ट्रांसमिशन की 33 केवी आपूर्ति फेल होने से आशियाना उपकेंद्र भी कुछ देर के लिए ठप हुआ। इसी प्रकार इंदिरानगर, गोमतीनगर, विकासनगर, महानगर, अलीगंज, त्रिवेणीनगर, चौक, ठाकुरगंज, चौपटिया, बालागंज, दुबग्गा, आलमबाग, चारबाग, राजाजीपुरम, पारा एवं सरोजनीनगर क्षेत्र में स्थानीय खराबी के कारण बिजली आपूर्ति में व्यवधान आया।