माल विद्युत उपकेंद्र पर धरना देते किसान।
माल। बिजली संबंधित समस्याओं का निराकरण न होने से नाराज भाकियू (लोकतांत्रिक गुट) के बैनर तले तमाम किसानों ने मंगलवार को माल विद्युत उपकेंद्र पर सांकेतिक पंचायत कर धरना दिया। किसान नेताओं ने अधिशासी अभियंता को छह सूत्री मांगपत्र सौंप कर बिजली संबंधी समस्याओं को दूर करने की मांग की।
मांगपत्र में कहा गया कि रहीमाबाद से माल को आपूर्ति देने वाली 33केवी भूमिगत लाइन जर्जर हो गई है। बारिश में अक्सर फॉल्ट की समस्या सामने आती है। इससे लोगों को बिजली संकट झेलना पड़ता है, इसलिए केबल बदला जाना चाहिए। इसके अलावा मीटर तेज चलने और अधिक बिल आने की शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए। मांग पत्र में परिवार के मुखिया की मृत्यु के बाद बकाया न अदा होने पर उनके लड़कों को दूसरा कनेक्शन न देने की समस्या दूर करने, स्मार्ट मीटर लगाना बंद करने व मीटर लगाने के नाम पर की जा रही 500 रुपये की वसूली रोकने की मांग की गई है।
अधिशासी अभियंता सुदेश कुमार ने बताया 33 केवी लाइन बदलने के लिए विभाग को रिपोर्ट भेजी जाएगी। बकाया बिल पर परिवार में दूसरा कनेक्शन देने से राजस्व वसूली में दिक्कत आती है। अन्य समस्याओं को भी दूर करने का प्रयास किया जाएगा। धरने का नेतृत्व भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश सिंह चौहान व जिलाध्यक्ष अतुल कुमार दीक्षित ने किया।