उत्तर प्रदेश में शनिवार से बिजली महंगी हो गई है। शहरों से लेकर गावों तक के बिजली उपभोक्ताओं को अगले महीने नई दरों के हिसाब से ज्यादा बिल का भुगतान करना पड़ेगा। शहरी घरेलू उपभोक्ताओं को अब फिक्स चार्ज के रूप में 10 रुपये प्रति किलोवाट अतिरिक्त के साथ 45-50 पैसे प्रति यूनिट ज्यादा भुगतान करना पड़ेगा।
अनमीटर्ड ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं की 180 व 200 रुपये प्रति किलोवाट के स्थान पर अब 300 रुपये प्रति किलोवाट की दर से भुगतान करना पड़ेगा। 1 अप्रैल से इन उपभोक्ताओं की दर 100 रुपये प्रति किलोवाट और बढ़ जाएगी और इन्हें 400 रुपये प्रति किलोवाट के हिसाब से बिल चुकाना होगा।
किसानों और कॉमर्शियल उपभोक्ताओं पर भी बोझ बढ़ जाएगा। अलबत्ता उद्योगों पर कोई अतिरिक्त भार नहीं पड़ेगा। राज्य विद्युत नियामक आयोग ने 30 नवंबर को वर्ष 2017-18 के लिए नई बिजली दरों का एलान किया था। आयोग ने सभी श्रेणियों में कुल मिलाकर औसतन 12.73 फीसदी की वृद्धि की है।