एसटीएफ ने रविवार को जिस वक्त बिजली मीटरों से छेड़छाड़ करने वाले गिरोह को दबोचा, उस समय इसमें शामिल लोग फैजुल्लागंज की संतनगर कॉलोनी में दिलीप गुप्ता के घर में मीटर सुस्त कर रहे थे। गिरोह पकड़े जाने की खबर लगी तो सभी मीटर की मशीन लेकर भाग निकले और खोखा छोड़ गए। सोमवार को लेसा ने छापा मारा तो यह नजारा दिखा।
टीम ने पाया कि दिलीप ने पत्नी कुसुम गुप्ता के नाम से दो घरेलू बिजली कनेक्शन लिए थे। इनमें से एक अपने घर और दूसरा किरायेदारों के लिए था। दिलीप के जिस मकान में किरायेदार रहते थे, उसके परिसर में महज मीटर का खोखा मिला। किरायेदारों को सब मीटर से बिजली दी जा रही थी। दिलीप के दूसरे घर में जो मीटर मिला, उसकी मशीन का मेकर नंबर बॉडी के मेकर नंबर से नहीं मिल रहा था। इस मीटर की मशीन बदली गई थी। टीम ने दोनों कनेक्शन की बिजली काटने के बाद मामले की रिपोर्ट उच्च अफसरों को भेज बिजली चोरी की एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
ये भी पढ़ें - इंजीनियरों से सांठगांठ कर चल रहा था खेल, घर में बना रखी थी लैब, 4000 का बिल हो जाता था 1800 रुपये
ये भी पढ़ें - मीटर सुस्त कराने वालों को मोटे जुर्माना का करंट लगाने की तैयारी, उपभोक्ताओं के मीटर की होगी जांच
सरगना खुद रिमोट से कर रहा था बिजली चोरी
सरगना आशियाना के पवन कुमार पॉल ने तैयार किए रिमोट का सबसे पहले ट्रायल किया। एसटीएफ सूत्रों ने बताया कि पवन ने जो कनेक्शन लिया था, उसकी बिजली काटने के बाद मीटर की जांच कराई तो उसमें रिमोट लगा हुआ मिला। उसने छह किलोवाट का कनेक्शन लिया था। नवंबर में उसने महज 296 यूनिट बिजली जलाई, जबकि उसके घर की लैब में दिन रात मीटरों से छेड़छाड़ की जाती थी, जिसमें जमकर बिजली लगती थी।