लखनऊ में बिजली चोरी पकड़ने एवं बकाया बिल पर कनेक्शन काटने के दौरान बिजली कर्मियों के पिटने की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग रहा है।
कैंट क्षेत्र में मंगलवार को बिजली चोरी पकड़ने के दौरान बिजली कर्मियों को बंधक बनाकर डंडे से पीटा गया। बिजली कर्मियों को जान बचाकर भागना पड़ा।
यह बिजली चोरी मंदिर से की जा रही थी। इस मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है। राजभवन के अधिशासी अभियंता अनिल वर्मा ने बताया कि मंगलवार सुबह 11:30 बजे छह कर्मियों अनिल कुमार, तालिब अली, सुधीर सैनी, अभिषेक कुमार, भैरवनाथ एवं प्रेमनाथ तोपखाना बाजार में बकाया बिल पर कनेक्शन काटने गए थे।
इन कर्मियों ने एक मंदिर से अवैध केबल 10-12 घरों को जाती देखी। केबल की जांच करने के लिए तीन-चार कर्मचारी घरों के पास पहुंचे तो देखा कि बिजली चोरी की जा रही है।