लखनऊ। माल ब्लाॅक के राजकीय हाईस्कूल थरी में बिजली विभाग की मनमानी जारी है। ऐसे में जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बिजली विभाग के अधिकारियों को फिर से चिठ्ठी भेजकर विद्यालय के भीतर लगे दोनों ट्रांसफार्मर हटाने का आग्रह किया है।
इस संबंध में अमर उजाला की ओर से मुद्दे को उठाए जाने के बाद भी बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की नींद नहीं टूटी है। कॉलेज की प्रधानाचार्य नीलम वर्मा का कहना है कि चार साल से शिकायत की जा रही है लेकिन बिजली विभाग के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस संबंध में अधिशासी अभियंता अमित आनंद ने समस्या को दूर कराने का आश्वासन दिया लेकिन बाद में ध्यान नहीं दिया। एसडीओ एमए मंसूरी और जेई राजकुमार का कहना है कि जब तक शिक्षा विभाग पैसा नहीं देगा तब तक ट्रांसफार्मर नहीं हटेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने कहा कि बिजली विभाग मनमानी कर रहा है। कॉलेज की जमीन पर ट्रांसफार्मर लगाने से पहले अनुमति लेनी चाहिए थी। यदि बच्चों के साथ कोई बात हो गई तो इसके लिए बिजली विभाग जिम्मेदार होगा।