लखनऊ। गोमतीनगर स्थित उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) कार्यालय के बाहर मंगलवार को विभिन्न भर्तियों के अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों का आरोप है कि पहले परीक्षा कराने में वर्षों लग गए और अब परिणाम जारी करने में देरी हो रही है। इससे आयोग और जनता दरबार के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
सीतापुर की एक अभ्यर्थी ने बताया कि जूनियर इंजीनियर (जेईई) भर्ती की वैकेंसी पिछले आठ वर्षों से नहीं निकली है। इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर चुके मैकेनिकल, सिविल और इलेक्ट्रिकल शाखा के अभ्यर्थी रोजगार के लिए भटक रहे हैं।
उन्नाव से पहुंचे एक अभ्यर्थी ने बताया कि एग्रीकल्चर टेक्नीशियन असिस्टेंट भर्ती परीक्षा वर्ष 2023 में आयोजित हुई थी। परीक्षा कराने के लिए अभ्यर्थियों को चार वर्षों तक संघर्ष करना पड़ा, लेकिन अब तीन साल बाद भी परिणाम जारी नहीं किया गया है। इससे अभ्यर्थियों की आयु सीमा प्रभावित हो रही है।
बरेली की एक अभ्यर्थी ने बताया कि एक्स-रे टेक्नीशियन भर्ती के लिए वर्ष 2022 में आवेदन मांगे गए थे, जबकि परीक्षा 2024-25 में कराई गई। इसके बावजूद अब तक परिणाम घोषित नहीं हुआ। अभ्यर्थियों ने कई बार जनता दरबार, संबंधित विभागों और आयोग कार्यालय में शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।