खोदी गईं सड़कें और नगर आयुक्त को ज्ञापन देते व्यापारी।
लखनऊ। बारिश को देखते हुए नगर निगम ने सितंबर तक रोड कटिंग पर रोक लगाई है। इसके बाद भी बिजली विभाग मनमानी कर रहा है। इंदिरानगर, बशीरतगंज, लोहिया पथ और अलीगंज सहित कई इलाकों में रात के अंधेरे में सड़क खोदी जा रही है। इसके बाद मरम्मत भी नहीं की जा रही है। इससे बरसात के दौरान बड़ा हादसा हो सकता है।
इंदिरा प्रियदर्शिनी वार्ड के पूर्व पार्षद रामकुमार वर्मा ने बताया कि बरसात में बिजली विभाग ने सड़क खोद दी है और उसे ठीक भी नहीं किया है। बाल विहार कॉलोनी से मानस विहार कॉलोनी और जरहरा मुख्य मार्ग को मनमाने तरीके से केबल डालने के लिए खोदा गया है। दूसरी ओर, भीड़भाड़ वाले बशीरतगंज इलाके में भी बिजली विभाग ने केबल डालने के लिए सड़क खोद डाली है। अलीगंज की चंद्रलोक कॉलोनी में भी कब्रिस्तान वाली रोड पर रात में चोरी-छिपे खोदाई की जा रही है। लोहिया पथ पर भी यही हाल है। विभूतिखंड गोमतीनगर में मंत्री आवास वाली रोड पर खोदाई जारी है। महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि जो विभाग रोक के बाद रोड काट रहे हैं, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
खुदी सड़कों को लेकर नगर आयुक्त को दिया ज्ञापन
आलमबाग के नटखेड़ा रोड पर इन दिनों खुदी गली हादसों का सबब बनी हुई है, जिसके चलते बुधवार को व्यापारियों ने आलमबाग-नटखेड़ा रोड युवा व्यापार मंडल के अध्यक्ष मनीष अरोड़ा के नेतृत्व में नगर आयुक्त से मदद की गुहार लगाई है। व्यापारी उपाध्यक्ष संतोष तिवारी, नवल अग्रवाल, जितेंद्र पांडे, नवीन कृपलानी ने कहा कि नटखेड़ा रोड स्थित अग्रवाल किराना स्टोर और शुभ कॉम्पलेक्स वाली गली की सड़क जर्जर है और सडक खोद दी गई है, जिससे 30 से 40 घरों के लोगों सहित दुकानों पर आने वाले ग्राहकों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है और व्यापार प्रभावित हो रहा है। तीन दिन पहले गली में गिरने से एक महिला का पैर फ्रैक्चर हो गया था, जबकि आए दिन ग्राहक और राहगीर भी गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
खोदी गईं सड़कें और नगर आयुक्त को ज्ञापन देते व्यापारी।
खोदी गईं सड़कें और नगर आयुक्त को ज्ञापन देते व्यापारी।
खोदी गईं सड़कें और नगर आयुक्त को ज्ञापन देते व्यापारी।
खोदी गईं सड़कें और नगर आयुक्त को ज्ञापन देते व्यापारी।