लखनऊ। आलमबाग क्षेत्र में बिजली बिल जमा नहीं करने वाले व्यापारियों के खिलाफ सोमवार को कनेक्शन काटने का अभियान चलाया गया। पहले दिन 25 बकायेदारों की बिजली काटी गई। सडाना इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम का कनेक्शन काटने पर व्यापारियों ने हंगामा किया और कार्रवाई रोकने का दबाव बनाया, लेकिन अभियान जारी रहा। शाम पांच बजे तक करीब 20 लाख रुपये के बकाया बिल जमा हुए।
अमौसी जोन के अधीक्षण अभियंता वाणिज्य अविनाश कुमार ने बताया कि सडाना इलेक्ट्रॉनिक्स पर 2.18 लाख रुपये का बिल बकाया था। कनेक्शन काटने के बाद 70 हजार रुपये जमा किए गए, जिसके बाद बिजली जोड़ दी गई। इसके अलावा गंगाचरण पांडेय पर 3.75 लाख, नवीन अरोड़ा पर 1.85 लाख और 1.86 लाख रुपये के दो बिल, परमजीत सिंह पर 1.83 लाख, प्रशांत आहूजा पर 1.50 लाख और दुर्गेश पर 1.30 लाख रुपये बकाया होने पर कार्रवाई की गई। इशदीप समेत अन्य बकायेदारों के कनेक्शन भी काटे गए।
सहायक अभियंता योगेंद्र कुमार ने बताया कि गंगाचरण पांडेय ने व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद होने के कारण बिल जमा नहीं किया था। मंगलवार को भी 35 हजार रुपये से अधिक के बकाये वाले व्यापारियों के कनेक्शन काटे जाएंगे।
उधर, गोसाईंगंज में 46, मोहनलालगंज में 14 और समेसी में आठ बकायेदारों की बिजली काटी गई। मुख्य अभियंता राम कुमार ने बताया कि एक हजार से अधिक बकायेदारों को फोन कर बिल जमा करने की चेतावनी दी गई है।