मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के नव नियुक्त प्रबंध निदेशक ( एमडी ) संदीप भागिया ने आम बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने वाली बात कही। उन्होंने कहा कि जिनकी समस्या बिजली अभियंता नहीं सुनेंगे, उनको खुद प्रबंध निदेशक सुनेंगे। इसके लिए गोखले मार्ग स्थित निगम मुख्यालय में बिजली शिविर आयोजित करने की नई व्यवस्था का शुभारंभ करेंगे।
आईएएस अफसर संदीप भागिया ने कार्य भार ग्रहण करने के बाद पहली बार पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि एलडीए, नगर निगम की तर्ज पर प्रतिमाह बिजली शिविर लगेगा। इससे उपभोक्ताओं व आवेदकों की समस्या का समाधान होगा और लापरवाह कर्मियों-अभियंताओं की कार्यप्रणाली उजागर होगी। यह बिजली शिविर प्रतिमाह किस दिन या किस तारीख को लगेगा इसके दो दिन में आदेश दे दिए जाएंगे। उन्होंने अमौसी जोन में मोहनलालगंज, मलिहाबाद में उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए कार्यालय खोलने पर भी विचार करने की बात कही। उन्होंने केंद्र सरकार की बिजली सुधार कार्य योजना के प्रस्ताव को स्वीकृत कराने और बिजली चोरी को रोकने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करने की भी बात कही। इस मौके पर निदेशक रजत जुनेजा और आरपी सिंह भी उपस्थित रहे।
इन जिलों के पीड़ित सुना सकेंगे व्यथा
मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के तहत लखनऊ, रायबरेली, उन्नाव ,हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर, बाराबंकी, अयोध्या, बहराइच, गोंडा, श्रावस्ती, बलरामपुर, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, अमेठी, बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं, पीलीभीत जिलों के पीड़ित मुख्यालय पर लगने वाले शिविर में अपनी व्यथा सुना सकेेंगे।
एमडी करेंगे कॉल, जांचेंगे तत्परता
एमडी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की शिकायत है कि मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता ,जूनियर इंजीनियर, एसडीओ बिजली ठप होने पर कॉल रिसीव नहीं करते हैं। इस लापरवाही की वह खुद जांच करने के लिए अभियंता को दूसरे नंबर पर कॉल करेंगे। जो दोषी पाएंगे उन पर कार्रवाई करेंगे।