कोरोना के बढ़ते असर को देखते हुए प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के अप्रैल के बिल बीते तीन माह की औसत खपत के आधार पर बनाए जाएंगे। मीटर रीडर उपभोक्ताओं के यहां रीडिंग लेने नहीं जाएंगे।
पावर कारपोरेशन के निदेशक (वाणिज्य) ए.के. श्रीवास्तव की ओर से शनिवार को बिजली कंपनियों के प्रबंध निदेशकों को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि कोरोना का प्रभाव रोकने के लिए भारत सरकार की ओर से किए गए लॉकडाउन के अनुपालन में अप्रैल में फील्ड रीडिंग का काम स्थगित रहेगा।
सभी बिल तीन माह के औसत उपभोग के आधार पर बनाए जाएंगे और उपभोक्ता को भुगतान के लिए विभागीय वेबसाइट
Upenergy.in/uppcl पर उपलब्ध होंगे। ये बिल उपभोक्ता के पंजीकृत मोबाइल फोन पर एसएमएस व ई-मेल पर भी उपलब्ध होंगे।
निदेशक ने पत्र में कहा है कि उपभोक्ताओं को अपना बिल ऑनलाइन भुगतान करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। उन्होने कहा कि अप्रैल के बिल नॉट रीडिंग (एनआर) आधारित होंगे और अगली बिलिंग के समय रीडिंग आधारित होगा।