लखनऊ। बिजली विभाग की वर्टिकल व्यवस्था 15 नवंबर से लागू हो रही है। अब उपभोक्ताओं को बिल सुधार के लिए उपकेंद्रों और दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सात दिन में बिल संशोधन और 10 दिन में नया कनेक्शन देने की समय-सीमा तय कर दी गई है। जिम्मेदार अफसर चिह्नित कर दिए गए हैं और लापरवाही पर कार्रवाई होगी।
लागू होने से पहले शुक्रवार को मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के निदेशक (वाणिज्य) योगेश कुमार और निदेशक (तकनीकी) हरीश बंसल ने अमौसी, लखनऊ मध्य, जानकीपुरम और गोमतीनगर जोन में बनाए जा रहे वर्टिकल कार्यालयों का निरीक्षण किया और तैयारियां का जायजा लिया।
गोमतीनगर जोन के मुख्य अभियंता सुशील गर्ग के अनुसार, वर्टिकल सिस्टम के तहत मकान या दुकान से कनेक्शन प्वाइंट की दूरी 40 मीटर तक होने पर 10 दिन में नया कनेक्शन देना अनिवार्य होगा। ऐसी स्थिति में लाइन या ट्रांसफॉर्मर का नया एस्टीमेट नहीं बनेगा। नए कनेक्शन का आवेदन झटपट पोर्टल या निवेश मित्र पर ही करना होगा।
ऐसे करें शिकायत, बिल संशोधन का पाएंगे मेमो
मुख्य अभियंता लखनऊ मध्य रवि कुमार अग्रवाल ने बताया कि किसी भी प्रकार के बिल संशोधन के लिए उपभोक्ता 1912 पर शिकायत दर्ज कराएं। यदि ऑनलाइन शिकायत न कर सकें तो नजदीकी हेल्पडेस्क पर जाएं। हेल्पडेस्क शिकायत को 1912 पर दर्ज कर देगा और पंजीकरण नंबर उपलब्ध कराएगा। बिल सही होने पर ब्रिम लिंक के माध्यम से उपभोक्ता को संशोधन का मेमो मिलेगा, जिससे वह स्वयं नया बिल देख व सत्यापित कर सकेंगे।
शिकायत दर्ज कराने के विकल्प
1912 कॉल सेंटर
8010924203 चैट बॉक्स
सेवी एप और हेल्पडेस्क
वर्टिकल सिस्टम में इन्हें इन कामों का जिम्मा
मध्यांचल निगम के निदेशक (वाणिज्य) योगेश कुमार के अनुसार अधीक्षण अभियंता (वाणिज्य) नए कनेक्शन, बिलिंग, वसूली और उपभोक्ता सेवाओं के प्रभारी होंगे। अधीक्षण अभियंता (तकनीकी) निर्बाध बिजली आपूर्ति, 440 वोल्ट, 11 केवी और 33 केवी लाइनों के फॉल्ट सुधार और ई लाइन निर्माण के जिम्मेदार होंगे। दोनों विंग में अधिशासी, सहायक और अवर अभियंता सहयोग करेंगे, जबकि शीर्ष पर मुख्य अभियंता होंगे।
इस वर्टिकल कार्यालय में इस क्षेत्र के उपभोक्ता जाएंगे
इंद्रलोक हाइडिल कॉलोनी (अमौसी जोन) : निगोहां, मोहनलालगंज, अमेठी, गोसाईगंज, उतरेठिया, तेलीबाग, साउथ सिटी, वृंदावन, आशियाना, रजनीखंड, एलडीए कानपुर रोड, सरोजनीनगर, नादरगंज, बंथरा, दुबग्गा, मोहान रोड, हरदोई, काकोरी, जेहटा, काकराबाद, मलिहाबाद, माल, रहीमाबाद व आसपास के गांव।
कॉल सेंटर हुसैनगंज (लखनऊ मध्य जोन) :
अर्जुनगंज, हरिहरपुर, छावनी, हजरतगंज, कालीदास मार्ग, विक्रमादित्य मार्ग, माल एवेन्यू, हुसैनगंज, छितवापुर, अमीनाबाद, डालीबाग, नरही, चौक, ठाकुरगंज, सहादतगंज, राजाजीपुरम, तालकटोरा, यहियागंज, गऊघाट, कैंपवेल रोड, दौलतगंज, वजीरगंज आदि।
पुरनिया उपकेंद्र (जानकीपुरम जोन) :
खदरा, त्रिवेणीनगर, मोहिबुल्लापुर, मड़ियांव, IIM रोड, बीकेटी, इटौंजा, जानकीपुरम, विकासनगर, कुर्सी रोड, अलीगंज, महानगर, निशातगंज, पेपरमिल, मुकारिमनगर, शंकरनगर, बाबूगंज, बड़ा चांदगंज, कपूरथला, डंडहिया आदि।
मंत्री आवास उपकेंद्र (गोमतीनगर जोन) :
इंदिरानगर, मुंशीपुलिया, तकरोही, सर्वोदयनगर, रवींद्रपाली, संजय गांधीपुरम, मानस विहार, कमता, इस्माइलगंज, चिनहट, मटियारी, देवरिया रोड, तिवारीगंज, गोमतीनगर, विस्तार, खरगापुर, लोनापुर आदि।
नोट :
जानकारी का स्रोत मुख्य अभियंता अमौसी जोन महफूज आलम, मुख्य अभियंता जानकीपुरम जोन वीपी सिंह।
10 अस्थायी हेल्पडेस्क और खुले
लखनऊ मध्य जोन के मुख्य अभियंता रवि अग्रवाल ने बताया कि उपभोक्ताओं लिए शुक्रवार को 10 और अस्थायी हेल्पडेस्क खोला गया, जिसमें प्रभारियों की तैनाती भी कर दी गई है। ऐशबाग में कोमल रावत, ओसीआर उपखंड में रेखा भट्ट, राजाजीपुरम न्यू में सुमन, चौपटिया में दीपशिखा, विक्टोरिया में हेमलता सोनकर, क्लाइड रोड में गायत्री गौतम, नादान महल में आलफीन फातिमा, अपट्रान में, आजादनगर उपकेंद्र में सीमा कटियार अस्थायी हेल्पडेस्क पर उपभोक्ताओं की समस्याओं का 1912 पर पंजीकरण कराएंगी। इससे लखनऊ में हेल्पडेस्क की संख्या 21 से बढ़कर 31 हो गई है।
वर्टिकल सिस्टम के अभियंताओं के बोर्ड और हेल्पडेस्क।
वर्टिकल सिस्टम के अभियंताओं के बोर्ड और हेल्पडेस्क।