लखनऊ। ठाकुरगंज के बसंतकुंज सेक्टर-आई निवासी इलेक्ट्रीशियन सोनू सोनी (30) ने पत्नी से झगड़े के बाद फंदा लगाकर जान दे दी। सोनू मूलरूप से रायबरेली के रतापुर के रहने वाले थे।
उनके पिता रामनारायण सोनी ने बताया कि सोमवार दोपहर तीन बजे सोनू शराब के नशे में घर लौटा। इस पर पत्नी राधा से उसकी कहासुनी हुई। राधा बेटे को लेकर ऊपर के हिस्से में चचेरे ससुर के यहां चली गई। कुछ देर बाद लौटने पर दरवाजा अंदर से बंद मिला। परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो सोनू का शव पंखे से लटका मिला। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। तीन साल पहले भी सोनू ने जान देने का प्रयास किया था। इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह चौहान के अनुसार, परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है। आत्महत्या के पीछे पारिवारिक कलह बताई गई है।