उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चुनावी बिगुल बज गया है। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने मंगलवार को चुनाव कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा कर दी। यूपी की इन सीटों पर आगामी 16 अक्तूबर को मतदान कराया जाएगा और उसी दिन शाम को मतगणना के बाद नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। दरअसल, नवंबर 2026 में उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के 10 सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो रहा है। इसके मद्देनजर चुनाव की घोषणा की गई है।
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आधिकारिक शेड्यूल के अनुसार, चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर 2026 को जारी की जाएगी। इसके साथ ही नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जिसकी अंतिम तिथि 6 अक्तूबर तय की गई है। 7 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि प्रत्याशी 9 अक्तूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
वोटिंग और परिणाम एक ही दिन
आयोग के मुताबिक, 16 अक्तूबर को सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक मतदान की प्रक्रिया संपन्न होगी। इसके तुरंत बाद शाम 5:00 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी और देर शाम तक परिणाम सामने आ जाएंगे। पूरी चुनाव प्रक्रिया को 19 अक्तूबर 2026 तक संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए आयोग ने स्पष्ट किया है कि वोटिंग के दौरान विधायकों को आयोग द्वारा उपलब्ध कराए गए विशेष बैंगनी (Violet) रंग के स्केच पेन का ही इस्तेमाल करना अनिवार्य होगा।