यूपी बोर्ड के बृहस्पतिवार को दिन मे घोषित परीक्षा कार्यक्रम पर शाम होते-होते चुनाव आयोग ने रोक लगा दी। निर्वाचन आयोग ने सूबे के मुख्य निर्वाचन अधिकारी टी. वेंकटेश, प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा जितेन्द्र कुमार व निदेशक माध्यमिक शिक्षा को दिल्ली तलब किया है। इन अफसरों को शुक्रवार को दिल्ली पहुंचना है।
दरअसल, चुनाव आयोग ने चुनाव वाले पांचों राज्यों को यह निर्देश दिए हैं कि आयोग की अनुमति लेने के बाद ही अपने यहां के बोर्ड परीक्षा कार्यक्रम जारी किए जाएं।
इसके बावजूद यूपी बोर्ड ने बृहस्पतिवार को दिन में हाईस्कूल व इंटर का परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया। इसके तहत हाईस्कूल की परीक्षाएं 16 फरवरी से छह मार्च के बीच आयोजित होनी हैं। जबकि इंटरमीडिएट की परीक्षा 16 फरवरी से 20 मार्च के बीच कराए जाने का कार्यक्रम था।