25-अयोध्या-बीकापुर विकासखंड क्षेत्र के परिषदीय विद्यालय बल्लीपुर में शपथ ग्रहण करते नवविर्वाचित
- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। जिले के सभी 794 ग्राम पंचायतों में गांव की सरकार ने सत्ता संभाल ली है। शनिवार को अवशेष रह गईं सभी ब्लाकों की सभी ग्राम पंचायतों में शपथ ग्रहण करा दिया गया। अब गांव की सरकारें समितियों के गठन के साथ विकास कार्य कराएंगी। शनिवार को अवेशष रह गईं 123 ग्राम पंचायतों में शपथ ग्रहण करा दिया गया।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद कुल 441 ग्राम पंचायतों में गांव की सरकार बन पाई थी। दो तिहाई सदस्य न होने से 353 ग्राम पंचायतों में गांव की सरकार नहीं बन पाई थी। पंचायत उपचुनाव के बाद शुक्रवार को शपथ ग्रहण के पहले दिन 230 ग्राम पंचायतों में शपथ ग्रहण कराया गया। शनिवार को अवेशष रह गईं 123 ग्राम पंचायतों में शपथ ग्रहण करा दिया गया। जिला पंचायत राज अधिकारी शीतला प्रसाद सिंह ने बताया कि शनिवार को 123 ग्रम पंचायतों में शपथ ग्रहण कराया गया। अब जिले की सभी 794 ग्राम पंचायतों में शपथ ग्रहण पूरा हो गया है। ग्राम पंचायत की समितियों के गठन के साथ अब विकास कार्यो पर जोर होगा।
तारुन प्रतिनिधि के मुताबिक, ग्राम पंचायत सचिवों ने शनिवार को ग्राम पंचायतों में नवनिर्वाचित ग्राम पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाई। सहायक विकास अधिकारी पंचायत अंशु सिंह ने बताया कि पंचायत सचिव अजय यादव, राजेश चौधरी, अरविंद वर्मा,मो नसीम, सन्दीप, गनेश राम,माताप्रसाद, अतुल वर्मा, रेनू, कमलेश वर्मा ने शनिवार को ग्राम पंचायतों में स्थित पंचायत भवन व प्राथमिक विद्यालय पर नवनिर्वाचित पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाया। तत्पश्चात ग्राम सभा की पहली बैठक कर विकास कार्यों के संचालन की रूपरेखा तय करने वाली समितियों का गठन किया गया।
बीकापुर प्रतिनिधि के मुताबिक, विकासखंड क्षेत्र के नवनिर्वाचित ग्राम पंचायत सदस्यों को शनिवार को वर्चुअल शपथ ग्रहण कराई गई। एडीओ पंचायत राम अभिलाख एवं एडीओ आईएसबी बद्री प्रसाद वर्मा ने विकासखंड मुख्यालय से शपथ दिलाई गई। एडीओ आईएसबी बद्री प्रसाद वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को 44 ग्राम पंचायतों के प्रधानों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम संपन्न हुआ था। शनिवार को उन्हें 44 ग्राम पंचायतों के ग्राम पंचायत सदस्यों का शपथ ग्रहण कराया गया है। 31 ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधानों और ग्राम पंचायत सदस्यों का शपथ ग्रहण पहले हो चुका है।