सरोजनीनगर। क्षेत्र में पुरानी चुंगी के पास शुक्रवार सुबह निजी स्कूल की तेज रफ्तार बस बाइक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक और उसकी बुजुर्ग मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलावस्था में दोनों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां शनिवार सुबह बुजुर्ग महिला की मौत हो गई।
कृष्णानगर के न्यू इंद्रपुरी, भोला खेड़ा निवासी गौरव अपनी 76 वर्षीय मां कमलेश शर्मा को बाइक से लेकर शुक्रवार सुबह घर से कुछ दूर स्थित मंदिर में दर्शन कराने ले जा रहे थे। रास्ते में पुरानी चुंगी के पास निजी स्कूल की तेज रफ्तार बस उनकी बाइक में पीछे से टकरा गई। इससे कमलेश शर्मा गंभीर रूप से, जबकि उनका बेटा गौरव मामूली रूप से घायल हो गए। ट्रॉमा सेंटर में बुजुर्ग कमलेश की शनिवार सुबह मौत हो गई। घटना के बाद राहगीरों ने बस चालक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। थाना प्रभारी राजदेव प्रजापति ने बताया कि परिजनों के तहरीर देने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।