सरोजनीनगर। बंथरा में सोमवार शाम हसन खेड़ा गांव निवासी बुजुर्ग किसान होरीलाल रावत की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वह पड़ोसी चंद्रशेखर उर्फ बऊवा के घर के बाहर नाती के साथ बैठे थे। आरोप है कि इसी दौरान बऊवा वहां पहुंचा। आरोपी ने होरीलाल को देखते ही गाली देना शुरू कर दिया। मना करने पर पास में पड़े बांस से उनके सिर पर कई वार कर दिए।
एसीपी कृष्णानगर सौम्या पांडेय के मुताबिक घटना सोमवार शाम सवा पांच बजे की है। आरोपी नशे में धुत था। होरीलाल दो साल के नाती मान रावत के साथ खेल रहे थे। हमले में होरीलाल की मौके पर मौत हो गई। परिजनाें ने तहरीर दी है। एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। होरीलाल के परिवार में उनकी पत्नी कलावती के अलावा तीन बेटे संदीप, छोटू और अजीत हैं। वारदात के बाद आरोपी वहां से भाग निकला।
कलावती का आरोप है कि बऊवा आए दिन शराब पीकर लोगों से गाली गलौज करता है। होरीलाल आरोपी के घर के बाहर बैठे थे। बिना किसी बात के आरोपी गाली गलौज करने लगा। मना करने पर उग्र हो गया और ताबड़तोड़ हमला कर भाग गया। ग्रामीणों ने बताया कि होरीलाल और बऊवा करीबी थे। दोनों अक्सर साथ में बाजार जाया करते थे। कई बार दोनों ने साथ में दावत भी की थी। सभी हैरान हैं कि अचानक ऐसा क्या हो गया कि बऊवा ने होरीलाल की जान ले ली। एसीपी का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हमले में बाल-बाल बचा मासूम
बऊवा ने जब होरीलाल पर हमला किया तब उनका नाती गोद में था। गनीमत रही कि मासूम को चोट नहीं आई। होरीलाल ने मासूम को खुद से अलग कर बऊवा के हमले से बचने का प्रयास भी किया, लेकिन सिर में चोट लगने से वह जमीन पर गिर गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात की गई है।