तेलीबाग। मोहनलालगंज के सिकंदरपुर गदियाना निवासी प्रेमचंद (60) की बुधवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। वे एसजीपीजीआई में कारपेंटर का काम करते थे।
प्रेमचंद के बेटे सुशील ने बताया कि पिता ड्यूटी पर साइकिल से जा रहे थे। किसान पथ अंडरपास के नीचे ट्रक चालक ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गए। ट्रक का पहिया उनके सिर पर चढ़ गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।
प्रेमचंद के पास मिले कागजात के आधार पर पुलिस ने परिजनों को जानकारी दी। प्रेमचंद के परिवार में पत्नी माधुरी देवी और दो बेटे सुनील व सुशील हैं। इंस्पेक्टर धीरेंद्र सिंह ने बताया कि लोगों ने ट्रक का पीछा कर उसका नंबर पता कर लिया।