बख्शी का तालाब। इटौंजा के सीतापुर हाईवे धर्मपुर क्रॉसिंग के पास बुधवार दोपहर हाईवे पार कर रहे साइकिल सवार चंद्रशेखर गुप्ता (65) से बाइक सवार टकरा गए। हादसे में उनकी मौत हो गई।
इंस्पेक्टर इटौंजा सोबरन सिंह ने बताया कि चंद्रशेखर गुप्ता निवासी चांदपुर खानीपुर बुधवार की सुबह पत्नी कमला देवी को साइकिल से सिन्हामऊ ससुराल छोड़ कर वापस लौट रहे थे। वह हाईवे पार कर धर्मपुर क्रॉसिंग की तरफ जा रहे थे। इस बीच सीतापुर से लखनऊ की तरफ सुखड़ी गांव जा रही तेज रफ्तार बाइक उनकी साइकिल से टकरा गई। हादसे में साइकिल सवार चंद्रशेखर घायल हो गए। वहीं बाइक सवार अमित चला व उनके दो साथी संदीप और शिव चोटिल हो गए। हादसे के बाद बाइक सवार तीनों युवक वहां से भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस चंद्रशेखर को अस्पताल ले गई, जहां उनकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर इटौंजा ने बताया कि अभी चंद्रशेखर के परिजनों की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। वह झांसी जेल में इलेक्ट्रिशियन के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनके परिवार में पत्नी कमला देवी, दो बेटे है। दो बेटियों की शादी हो चुकी है।