दबंगों की पिटाई से घायल रोहतम, पत्नी लीलावती व बेटा गौरव।
लखनऊ। पीजीआई क्षेत्र के जगत खेड़ा गांव में रविवार सुबह प्लॉट पर कब्जा कर रहे लोगों ने बुजुर्ग दंपती की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। इसमें दोनों बुजुर्गों का हाथ टूट गया। यही नहीं बीच-बचाव में आया उनका बेटा भी घायल हो गया।
जगत खेड़ा के रहने वाले रोहतम ने बताया कि सुबह 4:30 वह घर के बाहर निकले तो देखा पास में ही उनके प्लॉट पर कुछ लोग कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने टोका तो उन लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस बीच उनकी पत्नी लीलावती व बेटा गौरव भी आ गया। दबंगों ने उन्हें भी पीटा, जिसमें उनका व लीलावती का हाथ टूट गया। कोतवाल धीरेंद्र सिंह ने बताया कि लीलावती ने तहरीर दी है। पुलिस घायलों का मेडिकल परीक्षण कराकर मामले की जांच कर रही है।