उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से यूपी टी-20 लीग का तीसरा संस्करण रविवार से शुरू होने जा रहा है। छह सितंबर तक चलने वाली लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमों के बीच कुल 34 मुकाबले खेले जाएंगे। उद्घाटन मुकाबले और फाइनल मैच छोड़कर हर दिन दो मैच खेले जाएंगे। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि भ्रष्टाचार और मैच फिक्सिंग जैसी गड़बड़ियों को रोकने के लिए व्यापक कदम उठाए जा रहे हैं बीसीसीआई की ओर से एक स्पेशल टीम इस टूर्नामेंट के लिए भेजी गई है, जो भ्रष्टाचार को रोकने का प्रयास करेगी।
यूपी टी-20 लीग के अध्यक्ष सेवानिवृत पुलिस अधिकारी डीके ठाकुर ने शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि टूर्नामेंट को लेकर सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। हमको रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। भ्रष्टाचार को रोकने की बीसीसीआई की तैयारी में यहां विशेष प्रयास किए जाएंगे। एक स्पेशल टीम बीसीसीआई ने फिक्सिंग और अन्य भ्रष्टाचार जैसी शिकायतों पर नजर रखने के लिए भेजी है।