लखनऊ के बीकेटी के गांव शिवपुरी में बृहस्पतिवार दोपहर संदिग्ध हालात में आठ साल के बच्चे का शव फंदे के सहारे घर में लटकता मिला। लोगों ने सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी।
अधिकारियों की फटकार पर तीन घंटे बाद पहुंची पुलिस ने छानबीन कर छात्र का शव फंदे से उतारा। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि हत्या कर शव लटकाया गया है। एसआई संजय सिंह का कहना है कि छात्र ने फांसी लगाई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक, शिवपुरी निवासी किसान लाल बिहारी का बेटा विमलेश (8) सरकारी स्कूल में तीसरी का छात्र था।
धन्नी से रस्सी के सहारे लटक रहा था शव
फंदे से लटका हुआ मासूम
- फोटो : amar ujala
दोपहर दो बजे लाल बिहारी कठवारा में सब्जी की दुकान लगाने गया था। पत्नी रामदेवी छोटी पुत्री छोटकी को लेकर मायके माल गई थी। किसान के पिता रामेश्वर, बेटे सत्य नारायण, संतलाल गांव के बाहर खेत पर काम करने गए थे।
मवेशियों को चारा खिलाने के बाद बेटी शालिनी घर लौटी तो देखा कि विमलेश का शव कमरे में धन्नी से रस्सी के सहारे लटक रहा था। वह शोर मचाते हुए बाहर निकली और पड़ोसियों को सूचना दी। ग्रामीण छात्र के बाबा रामेश्वर व भाइयों को घर लेकर आए। फोन से मां व पिता को सूचना दी गई।