लॉकडाउन के दौरान बाराबंकी की मीट फैक्टरी में बिना रोक-टोक काम चल रहा है। मड़ियांव पुलिस ने इस फैक्टरी में काम करने वाली आठ महिलाओं को चंद्रा ढाल के पास से पकड़ा।
ये लोग रविवार आधी रात को बस में बैठकर बाराबंकी जाने की तैयारी में थे। पुलिस ने इस मामले में फैक्टरी मैनेजर सहित 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही बस को सीज कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक मड़ियांव विपिन कुमार सिंह के मुताबिक, रविवार रात करीब 12 बजे चंद्र ढाल के पास महिलाओं का झुंड खड़ा दिखा। चेकिंग कर रहे दरोगा बृजेश कुमार ने पूछताछ की तो महिलाओं ने बताया कि वह बाराबंकी के कुर्सी में अमरून मीट फैक्टरी में काम करती है। उनका ठेकेदार खदरा का प्रमोद और मैनेजर वेणुगोपाल है। दोनों के कहने पर वे काम पर जा रही थीं।
इस बीच एक बस आकर रुकी। बस को पारा के बुद्धेश्वर निवासी कैलाश यादव चला रहा था। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, बस अमरून मीट फैक्टरी के नाम से पंजीकृत थी। पूछताछ में चालक कैलाश ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान वह महिलाओं को मीट फैक्टरी में आधी रात को लेकर जाता था। रात 12 बजे शहर से निकलते थे।