पंचायतीराज विभाग में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत समन्वयक समेत विभिन्न पदों के लिए संविदा के आधार पर 8000 भर्तियां होंगी।
इन भर्तियों के लिए सरकारी एजेंसियों का चयन कर लिया गया है। इन्हें जिलावार संविदा कर्मचारी उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी जाएगी। जिला समन्वयक को 25 हजार रुपये और ब्लॉक समन्वयक को 10 हजार रुपये मानदेय मिलेगा।
सूबे में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) पहले केंद्र की मदद से संचालित हो रहा था। अब राज्य सरकार इसे अपने संसाधनों से चला रही है। इसके लिए पंचायती राज विभाग को नोडल एजेंसी बनाया गया है।
मिशन का उद्देश्य ग्रामीणों में स्वच्छता अभियान के प्रति जागरूकता पैदा करना है। इसके लिए पंचायतीराज विभाग ने प्रदेश, मंडल, जिला और ब्लॉक स्तर पर समन्वयक के साथ ही कंप्यूटर ऑपरेटर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, एकाउंटेंट और सहायक क्लर्क के 8000 पदों को संविदा के आधार पर भरने का निर्णय किया है।