श्रम विभाग 16 से 20 मई तक राजधानी में रोजगार मेला आयोजित करेगा। इसमें 50 निजी कंपनियां बेरोजगारों को इंटरव्यू के आधार पर 8,000 नौकरियां देंगी। नौकरी के लिए सेवायोजन विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। रोजगार मेला चार स्थानों पर लगेगा। इनमें कंपनियों के प्रतिनिधि उम्मीदवारों का साक्षात्कार लेंगे।
प्रमुख सचिव श्रम अनिता भटनागर जैन ने शनिवार को बताया कि 4 अप्रैल को सेवायोजन विभाग का पोर्टल sevayojan.up.nic.in प्रारंभ किया गया था। इस पोर्टल पर अलग-अलग क्षेत्रों की 50 निजी कंपनियों ने 7,918 रिक्तियां भेजी हैं। इन्हें भरने के लिए 16 मई को इंदिरा नगर स्थित गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में रोजगार मेला लगेगा। मेले का उद्घाटन श्रम मंत्री शाहिद मंजूर करेंगे।
मेले के तहत निजी क्षेत्र की 50 कंपनियां 16 से 20 मई तक चार स्थानों पर साक्षात्कार से रिक्त पदों को भरेंगी। 7,918 रिक्तियों में 4,100 एनसीआर और उत्तर प्रदेश के लिए हैं और शेष देश के अन्य हिस्सों के लिए हैं। इनकी संख्या और बढ़ने का अनुमान है।
रविवार रात से भेजे जाएंगे मैसेज
- फोटो : getty images
सेवायोजन विभाग के पोर्टल पर पंजीकृत ऐसे बेरोजगारों को रविवार रात से आवेदन करने के लिए एमएमएस जाने प्रारंभ हो जाएंगे, जिनकी अर्हता कंपनियों की मांग के अनुरूप है।
एसएमएस मिलने के बाद वे नौकरी के लिए सेवायोजन पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। नौकरी के इच्छुक नए अभ्यर्थियों के लिए पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी है। रजिस्ट्रेशन रविवार से ही प्रारंभ हो जाएंगे। पंजीकरण के लिए भेजी गई योग्यता कंपनी की डिमांड से मैच करेगी तो नौकरी के लिए आवेदन करने को एसएमएस भेजा जाएगा।
किस सेक्टर में कितनी वैकेंसी:
सेक्टर--कंपनियां--वैकेंसी
सर्विस--18--5,837
मैन्यूफेक्चरिंग--20--999
ऑटोमोबाइल--01--300
फार्मा--03--18
आईटी--06--84
टेक्सटाइल--02--680
इनके लिए होंगे नौकरी के मौके
आठवीं क्लास से 12वीं पास, आईटीआई, डिप्लोमा इंजीनियर, इंजीनियरिंग स्नातक, एमबीए फ्रेशर व अनुभवी अभ्यर्थियों के लिए रिक्तियां हैं। रिक्तियां रविवार से सेवायोजन विभाग के पोर्टल पर उपलब्ध रहेंगी।
इंटरव्यू के लिए यहां पहुंचें:
अनिता भटनागर जैन ने बताया कि नौकरी के लिए अभ्यर्थी को पोटल पर लॉग-इन तक साक्षात्कार के लिए प्रवेशपत्र डाउनलोड करना होगा। प्रवेश पत्र पर साक्षात्कार का स्थान दिया जाएगा। साक्षात्कार चार स्थानों, गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, रामेश्वरम इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी बख्शी का तालाब, रायबरेली रोड स्थित इग्नू के क्षेत्रीय केंद्र तथा आईटीआई अलीगंज में होंगे।
आज से शुरू हो जाएगा कंट्रोल रूम:
प्रमुख सचिव ने बताया कि रविवार से नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थियों की समस्याओं को सुनने और उनका समाधान करने के लिए कंट्रोल रूम प्रारंभ किया जाएगा। इसके टेलीफोन नंबर 0522-2638285 और 0522-2636262 होंगे। कंट्रोल रूम सवेरे 10 से शाम 6 बजे तक काम करेगा। इन नंबरों पर आने वाली सभी कॉल रजिस्टर में दर्ज की जाएंगी।