लखनऊ। जिले में आठ नए एग्री जंक्शन खुलेंगे। इसके लिए आठ कृषि उद्यमियों का चयन किया जाएगा। कृषि और संबद्ध विषयों में पढ़ाई कर चुके युवा कृषि उद्यमी बनने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिले में वर्ष 2026-27 के लिए संचालित एग्री जंक्शन योजना के तहत कृषि एवं उससे जुड़े क्षेत्रों में शिक्षित युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की तैयारी है। इसके लिए प्रदेश के निवासी कृषि स्नातक, कृषि व्यवसाय प्रबंधन स्नातक तथा कृषि एवं संबद्ध विषयों जैसे उद्यान, पशुपालन, वानिकी, दुग्ध, पशुचिकित्सा, मुर्गी पालन आदि में डिग्री प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे।
अनुभवी डिप्लोमा धारकों व कृषि विषय में इंटरमीडिएट योग्यता रखने वालों के आवेदन पर भी विचार किया जाएगा। अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष है।अनुसूचित जाति, जनजाति व महिला अभ्यर्थियों को पांच वर्ष की छूट दी जाएगी। प्राप्त आवेदनों के आधार पर विकास खंडवार वरीयता सूची तैयार कर चयन किया जाएगा। पात्र अभ्यर्थी कृषि विभाग की वेबसाइट Agridarshan Portal या Agrijunction Portal पर 30 मई तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया निशुल्क है।