इदारा शरिया फरंगी महल के अध्यक्ष मौलाना अबुल इरफान मियां फरंगी महली ने ईद का चांद देखने को कहा है। मौलाना खालिद रशीद व अन्य उलमा ऐशबाग ईदगाह में चांद देखेंगे। सैफ अब्बास ने हुसैनाबाद स्थित सतखंडे से चांद देखने का इंतजाम किया है।
रोजेदारों को रमजान में की गई इबादतों का रब की तरफ से ईद के रूप में मिलने वाले इनाम का इंतजार है। रमजान के 29वें रोजे को चांद का दीदार होने पर ईद सोमवार को होगी। चांद न दिखा तो ईद मंगलवार को मनाई जाएगी।
विज्ञापन
मरकजी चांद कमेटी अध्यक्ष एवं ईदगाह के इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली और शिया चांद कमेटी के अध्यक्ष मौलाना सैफ अब्बास नकवी ने मुसलमानों से रविवार को ईद का चांद देखकर उसकी सूचना देने की अपील की है।
ऐशबाग ईदगाह में महिलाएं भी अदा करेंगी ईद की नमाज
ईद उल फित्र की नमाज की बड़ी जमाम ऐशबाग ईदगाह, टीले वाली मस्जिद और बड़ा इमामबाड़ा स्थित आसिफी मस्जिद में अदा की जाएगी। ईदगाह के इमाम मौलाना खालिद रशीद ने कहा, ऐशबाग ईदगाह में इस साल भी ईद की नमाज में शामिल होने के लिए महिलाओं की अलग से व्यवस्था रहेगी। ईदगाह स्थित तैयब हाल में महिलाएं नमाज अदा करेंगी।