उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षिक सत्र 2020-21 के लिए नया शैक्षिक कैलेंडर जारी कर दिया है। कैलेंडर के मुताबिक पहले 45 दिन सिर्फ ऑनलाइन कक्षाएं चलेंगी। इसके बाद समानांतर कक्षाएं चलाकर पढ़ाई शुरू की जाएगी। इसके लिए संबंधित विषय के विद्यार्थियों की संख्या के हिसाब से उनके ग्रुप बनाकर सोशल डिस्टेसिंग का पालन कराते हुए पठन-पाठन कराया जाएगा।
विद्यार्थी एक सप्ताह संस्थान में भौतिक रूप से उपस्थित होंगे और उनके 3-4 ग्रुप बनाकर कक्षाओं का संचालन कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। स्मार्ट क्लासरूम की मदद से भौतिक रूप से संचालित कक्षाओं का विभिन्न मीटिंग सॉफ्टवेयर के सहारे लाइव टेलीकास्ट भी संबंधित महाविद्यालयों में किया जाएगा।
विचार-विमर्श और समस्याओं के समाधान के लिए कक्षाओं की व्यवस्था अक्तूबर-नवंबर में होगी। ई-कंटेंट, वीडियो और लेक्चर को विवि ओपन एक्सेस लिंक के साथ पाठ्यक्रमवार अपने वेबपोर्टल पर भी उपलब्ध कराएंगे ताकि संबद्ध कॉलेजों व अन्य विवि के विद्यार्थी उसे डाउनलोड कर सकें
प्रायोगिक कक्षाओं का संचालन भी वर्चुअल लैब के जरिए होगा। वर्चुअल लैब से विद्यार्थियों को प्रयोग सिखाए जाएंगे। जिन प्रयोगों में विद्यार्थियों की भौतिक उपस्थिति जरूरी होगी, उनमें छात्रों को प्रयोगशाला में बुलाया जाएगा। इसके लिए प्लानिंग 13 जुलाई से 3 अगस्त तक करने के निर्देश दिए गए हैं।
अभिभावकों से भी संवाद : विवि और डिग्री कॉलेजों के शिक्षक 13 जुलाई से 3 अगस्त तक अभिभावकों से प्रत्यक्ष, फोन पर संपर्क स्थापित कर उन्हें नई व्यवस्था की जानकारी देंगे।
आज से आएंगे कुलपति और विभागाध्यक्ष
कुलपति, विभागाध्यक्ष और डीन 13 जुलाई से विवि में पहुंचकर ई-कंटेंट तैयार कराकर उसे अपलोड कराएंगे। 31 जुलाई तक समीक्षा होगी कि सभी संकायों के ई-कंटेंट तैयार हो गए हैं। जरूरत पर शिक्षकों और कर्मचारियों को भी बुलाया जा सकता है। रूसा के सहयोग से विवि व कॉलेजों में स्मार्ट क्लास रूम बनाए जाएंगे। 20 जुलाई तक वेबसाइट पर शैक्षणिक कैलेंडर उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
ये हैं कार्ययोजना
- 13 जुलाई से ई-कटेंट की तैयारी शुरू करना।
- 4 अगस्त से प्रथम वर्ष को छोड़कर अन्य कक्षाओं में ऑनलाइन शिक्षण कार्य शुरू करना।
- प्रथम वर्ष में प्रवेश की अंतिम तिथि 15 सितंबर।
- स्नातक प्रथम वर्ष की कक्षाओं में एक अक्तूबर से शुरू होगा शिक्षण कार्य।
- परास्नातक प्रथम वर्ष की कक्षाएं एक नवंबर से चलेंगी।
- मिड टर्म या बैक पेपर कराने की अंतिम तिथि 5 दिसंबर होगी।
- परास्नातक प्रथम वर्ष विषम सेमेस्टर परीक्षा कराने की अंतिम तिथि 15 मार्च 2021
- सम सेमेस्टर के लिए मिड टर्म परीक्षा कराने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2021।
- पीजी प्रथम वर्ष में सम सेमेस्टर परीक्षा की अंतिम तिथि 30 जून 2021।
- वार्षिक परीक्षाओं के परिणाम घोषित करने की अंतिम तिथि 15 जून 2021।