खनन पट्टों के आवंटन में प्रदेश में बड़े पैमाने पर हुई अनियमितता के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को एक और आईएएस अधिकारी संतोष कुमार राय से पूछताछ की। खनन घोटाले के समय वे प्रदेश सरकार में विशेष सचिव खनन के पद पर तैनात थे।
ईडी ने उनसे लखनऊ स्थित कार्यालय में खनन के पट्टों के आवंटन, प्रक्रिया व अन्य संबंधित मुद्दों पर सवाल पूछे। इस घोटाले को लेकर दर्ज एफआईआर में अन्य अधिकारियों के साथ राय भी नामजद हैं।
एफआईआर में नामजद होने के बाद उन्हें ग्रेटर शारदा सहायक समादेश क्षेत्र विकास प्राधिकारी/परियोजना के परियोजना प्रशासक के पद से हटा कर प्रतीक्षारत कर दिया गया था।
ईडी ने बृहस्पतिवार को एक अन्य आईएएस अधिकारी अभय से पूछताछ की थी। बुलंदशहर में जिलाधिकारी के पद पर तैनात रहे अभय के आवास पर छापामारी में सीबीआई ने 47 लाख से अधिक की रकम बरामद की थी। ईडी के सूत्र बताते हैं कि जांच एजेंसी जल्द ही एक और आईएएस अफसर देवी शरण उपाध्याय से भी पूछताछ की तैयारी में है।