अगर आपके चहेते अभिनेता, नेता बन गए हैं तो अब आप दूरदर्शन पर उनकी फिल्में नहीं देख पाएंगे। हालांकि विज्ञापन फिल्मों में ये जरूर नजर आएंगे।
चुनाव लड़ रहे फिल्म कलाकार दूरदर्शन पर बैन कर दिए गए हैं। चुनाव आयोग ने दूरदर्शन पर ऐसे कलाकारों की फिल्में दिखाने पर प्रतिबंध लगा दिया है।
हालांकि यह रोक विज्ञापन पर नहीं है। निजी चैनल व सिनेमाघरों में ऐसे कलाकारों की फिल्में दिखाने पर कोई प्रतिबंध नहीं है।
इस बार लोकसभा चुनाव में कई फिल्म कलाकार भी चुनाव लड़ रहे हैं। विरोधी दलों ने इनकी फिल्मों व विज्ञापनों के प्रसारण बंद करने के लिए चुनाव आयोग से गुहार लगाई थी।
विज्ञापनों पर रोक नहीं
इस पर चुनाव आयोग ने कहा कि ऐसे फिल्म कलाकार जो चुनाव लड़ रहे हैं उनकी फिल्में दूरदर्शन पर न दिखाई जाएं।
इसके लिए प्रसार भारती के सीईओ व डायरेक्टर जनरल दूरदर्शन को पत्र भेजा गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी उमेश सिन्हा ने बताया कि दूरदर्शन पर जो भी व्यावसायिक विज्ञापन दिखाए जा रहे हैं उसे नहीं रोका जाएगा।
क्योंकि यह उत्पाद का प्रचार है। उत्पाद के विज्ञापन के लिए कंपनियां पैसा खर्च करती हैं। निजी चैनलों पर फिल्मों के प्रसारण पर कोई रोक नहीं है।
यूपी से चुनाव लड़ रहे फिल्मी कलाकार
हेमा मालिनी भाजपा के टिकट पर मथुरा से तो स्मृति ईरानी अमेठी से चुनावी मैदान में हैं।
वहीं फिल्म अभिनेत्री नगमा मेरठ, राज बब्बर गाजियाबाद से कांग्रेस के टिकट प्रत्याशी हैं। इसके अलावा कई फिल्मों में काम कर चुके टीवी के चर्चित चेहरे जावेद जाफरी, आम आदमी पार्टी के टिकट पर लखनऊ से प्रत्याशी हैं।
इसके अलावा, देशभर से फिल्मी सितारे चुनावी मैदान में हैं। बिहार में शॉटगन शत्रुघ्न सिन्हा, चंडीगढ़ में गुल पनाग और किरन खेर ऐसे ही नाम हैं।