ट्रेन में सफर के दौरान पहचान पत्र रखना भूल जाने पर अब परेशान नहीं होना पड़ेगा। आप मोबाइल या लैपटॉप पर ई-आधार डाउनलोड कर टीटीई को दिखा सकेंगे।
इसके बाद किसी अन्य पहचान पत्र की मूल प्रति नहीं दिखानी होगी। रेलवे प्रशासन ने पहचान पत्र के लिए ई-आधार को भी मान्यता दे दी है। साथ ही ई-आधार को पहचान पत्र के 10 विकल्पों में शामिल कर लिया है। यात्रियों को यह सुविधा जल्द मिलने लगेगी।
ट्रेनों में आरक्षित टिकट पर यात्रा करने वाले कभी-कभी अपने पहचान पत्र की छाया प्रति लेकर चलना भूल जाते हैं। इससे यात्रियों के साथ ही टीटीई को भी परेशानी होती है।
इस समस्या को देखते हुए यात्रियों ने रेलवे बोर्ड से मूल आईडी के साथ ई-आधार को भी पहचान पत्र के रूप में मान्यता देने की मांग की थी।