लखनऊ। मोहनलालगंज इलाके में रविवार रात करीब आठ बजे तेज रफ्तार डंपर ने बिजली के करीब आठ खंभे तोड़ दिए। खुजौली के पास गोसाईंगंज रोड के ऊपर से गुजरा केबल डंपर के पीछे फंस गया था, जिसे खींचते हुए डंपर आगे बढ़ गया और दोनों तरफ के खंभे जमीन से उखड़ गए। इससे उदवत खेड़ा व धर्मावत खेड़ा गांव की बिजली गुल हो गई, जिससे लगभग 500 परिवारों को 18 घंटे तक बिजली संकट झेलना पड़ा।
दोनों गांव पूरनपुर उपकेंद्र से जुड़े हैं, मगर यहां के जेई और एसडीओ ने घटना की सूचना अपने एक्सईएन तक को नहीं दी। हालांकि, बिजली सोमवार दोपहर 2:30 बजे चालू हो गई थी, मगर चार-पांच उपभोक्ताओं के सर्विस केबल टूटने के कारण उनके घर सोमवार को भी अंधेरा रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद चालक फरार हो गया। सूचना पाकर इंस्पेक्टर दिलेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिये डंपर की तलाश कर रही है। उधर, एक्सईएन एसके सिंह ने बताया कि दोनों गांवों की बिजली चालू कर दी गई है। उधर, विकासनगर में सुबह 33 केवी लाइन में फॉल्ट आने से बिजली गुल हो गई, लेकिन 10 मिनट बाद दूसरे स्रोत से बिजली संकट को दूर कर दिया गया।
टूटे खंभे।