शराब के लिए पैसे देने से मना करने पर युवक ने पत्नी को जलाने का प्रयास किया। मां को बचाने आई बेटी पर उसने तेल डालकर आग लगा दी। मौके पर मौजूद परिवारीजनों ने किसी तरह आग बुझाई। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
डॉक्टरों के मुताबिक युवती करीब 80 फीसदी झुलस गई है। उसकी हालत गंभीर है। मामले में पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
थाना कैंट के हांसापुर गांव निवासी नेतराम उर्फ कल्लू शादी विवाह में बिजली की सजावट का ठेका लेता है। उसकी दो बेटियां व दो बेटे हैं। आरोप है कि शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे वह शराब पीकर घर आया और अपनी पत्नी गुड्डी से और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। पत्नी ने पैसे देने से मना किया तो दोनों के बीच कहासुनी होने लगी।
इस दौरान वह गुस्से में आकर घर में प्लास्टिक के कैन में रखे डीजल को उठा लाया और पत्नी पर डीजल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। यह देख उसकी दूसरे नंबर की बेटी नंदिनी (18) मां को बचाने के लिए दौड़ी। इस पर उसने गुस्से में बेटी नंदिनी के ऊपर कैन में बचा डीजल डालकर माचिस से आग लगा दी। देखते ही देखते नंदनी धू-धू कर जलने लगी।
मौके पर मौजूद मां गुड्डी, बड़ी बहन प्रीति व छोटे भाइयों समेत आसपास के लोगों ने कंबल डालकर आग बुझाई और उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. धर्मेंद्र राव ने बताया कि नंदिनी करीब 80 फीसदी जल गई थी। उसकी हालत गंभीर देख उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। वहीं, आग लगने से घर में रखा कंबल, रजाई, गद्दा, चारपाई समेत अन्य सामान भी जल गया।
सूचना मिलने पर सीओ सिटी अरविंद चौरसिया, एसओ कैंट आशुतोष मिश्र रात में ही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक आरोपी पिता मौके से भाग गया। सीओ ने बताया कि मां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पति ने शराब के नशे में बेटी नंदिनी के ऊपर डीजल डालकर आग लगा दी है। तहरीर के आधार पर उसके पति नेतराम के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश में टीम गठित की गई है।